• Wed. Nov 4th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    छिछोर उमरिया स्कूल में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

    Bychattisgarhmint.com

    Sep 27, 2025
    Spread the love

    रायगढ़, 27 सितम्बर 2025/ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और छात्रों में मानसिक व शारीरिक जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयुर्वेद औषधालय बुनगा के तत्वावधान में छिछोर उमरिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
              आयोजित योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक दुलामनी रजक द्वारा किया गया, जिसमें लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों को भ्रामरी, भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायामों के साथ-साथ ताड़ासन, अर्धचक्रासन, चक्रासन, वृक्षासन, शीर्षासन, हास्यासन और सूर्य नमस्कार जैसे योगासनों का अभ्यास कराया गया। योग सत्र के पश्चात डॉ.जागृति पटेल द्वारा किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म, महिला स्वास्थ्य, और सामान्य रोगों के बारे में सविस्तार जानकारी दी गई। शिक्षिकाओं ने बालिकाओं को निर्भीक होकर अपनी स्वास्थ्य समस्याएं बताने के लिए प्रेरित किया।
            कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए युवा संवाद एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन डॉ.अजय नायक द्वारा किया गया। इसमें छात्रों को आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार, घरेलू उपचार और औषधीय पौधों की जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित सभी छात्रों को योगाभ्यास तथा स्वस्थ जीवनशैली संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए। डॉ.नायक ने बताया कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह मानसिक शांति और वैचारिक परिवर्तन का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयुर्वेद को अपनी जीवनशैली में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल उपचार का माध्यम है, बल्कि यह जीवनशैली को भी स्वस्थ और संतुलित बनाता है। शिविर में उपस्थित छात्रों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के लिए भी जागरूक किया गया।

    One thought on “छिछोर उमरिया स्कूल में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित”

    Comments are closed.