• Tue. May 19th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

सुशासन तिहार से जरूरतमंदों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

Bychattisgarhmint.com

May 18, 2026

समाज कल्याण विभाग ने वितरित की सेटेबल वॉकिंग स्टिक, चेहरे पर दिखी खुशी और आत्मविश्वास

रायगढ़, 18 मई 2026/ सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत पुसौर के मचिदा शिविर में समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण के रूप में सेटेबल वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को यह उपकरण प्रदान किया गया। सहायक उपकरण मिलने से वरिष्ठजनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
शिविर में ग्राम नवापाली पड़िगांव की श्रीमती ईलाबाई गुप्ता, डीपापारा कलमी के श्री बनमाली गिरी तथा कलमी पुसौर के श्री कैरुलाल यादव को सेटेबल वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के कारण चलने-फिरने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब यह सहायक उपकरण उनके लिए बड़ा सहारा साबित होगा।

चलने में सहारा ही नहीं, आत्मविश्वास भी दे रही वॉकिंग स्टिक
समाज कल्याण विभाग द्वारा वितरित सेटेबल वॉकिंग स्टिक वरिष्ठ नागरिकों और चलने में असुविधा महसूस करने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी है। यह चलने के दौरान शरीर का संतुलन बनाए रखने, पैरों और घुटनों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने तथा गिरने के जोखिम को घटाने में मदद करती है। साथ ही चोट, गठिया या उम्रजनित कमजोरी के कारण चलने में होने वाली परेशानी के दौरान यह अतिरिक्त सहारा प्रदान करती है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ जरूरतमंद हितग्राहियों को आवश्यक सहायता एवं उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को राहत एवं सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *