• Wed. May 6th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

जनगणना-2027: घर-घर पहुंचकर किया जा रहा मकान सूचीकरण सर्वे

Bychattisgarhmint.com

May 6, 2026

डिजिटल एप के माध्यम से 34 बिंदुओं पर एकत्रित हो रही सटीक जानकारी

नागरिकों से सहयोग की अपील, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर प्रशासन का फोकस

रायगढ़, 6 मई 2026/ शासन के निर्देशानुसार जनगणना-2027 का प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण जिले में 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस चरण के अंतर्गत जिले के 17 चार्ज क्षेत्रों एवं नगर निगम रायगढ़ में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से सर्वेक्षण किया जा रहा है। “हमारी जनगणना, हमारा विकास” की थीम के साथ संचालित इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रगणक दल प्रत्येक घर तक पहुंचकर एचएलओ एप के माध्यम से डेटा संकलित कर रहे हैं। सर्वे के दौरान कुल 34 प्रश्नों के आधार पर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं तथा अन्य मूलभूत जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं।
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी द्वारा इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि सर्वेक्षण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सके। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणक दलों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। इसके साथ ही सभी रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं हाउसिंग सोसायटियों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है। उनसे आग्रह किया गया है कि वे व्हाट्सएप ग्रुप एवं नोटिस बोर्ड के माध्यम से निवासियों को पूर्व सूचना दें तथा तालाबंद मकानों की जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें। सोसायटी प्रतिनिधि एवं सुरक्षा गार्डों से भी प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने का अनुरोध किया गया है, ताकि मकान सूचीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *