• Sat. Sep 26th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

शहर विकास को मिली ₹32.50 करोड़ से अधिक की स्वीकृति, एमआईसी की बैठक में 19 एजेंडों पर लगी मुहर

Bychattisgarhmint.com

Aug 4, 2026

रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ में मंगलवार को महापौर श्री जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, खेल अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े 19 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में लगभग ₹32.50 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं को मंजूरी मिली, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 17 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं इंटेकवेल में स्काडा कम्पेटिबल पावर पंप तथा विभिन्न ईएसआर में स्काडा कम्पेटिबल बूस्टर पंप लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के नागरिकों को बेहतर और नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए ऑटोमैटिक रोड स्वीपिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया। साथ ही 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत शहर के 48 वार्डों एवं मुख्य मार्गों की साफ-सफाई के लिए आवश्यक वाहन, उपकरण एवं संसाधन क्रय करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बड़ेरामपुर स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड में सघन वृक्षारोपण (डेंस अफॉरेस्टेशन) कराने का निर्णय लिया गया। वहीं शहर में मटन, मुर्गा एवं मछली विक्रेताओं के लिए एक व्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त बाजार विकसित करने के उद्देश्य से बड़ेरामपुर में आधुनिक मटन मार्केट निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने की स्वीकृति भी प्रदान की गई।बैठक में शहर के 48 वार्डों से प्राप्त विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अमलीभौना ट्रांसपोर्ट नगर एवं जेल कॉम्प्लेक्स की जर्जर दुकानों को समिति की अनुशंसा के आधार पर हटाने, मीना बाजार के लिए उपयुक्त स्थान तय करने तथा निगम के राजस्व में वृद्धि से जुड़े विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, सड़क, पर्यावरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एमआईसी में लिए गए निर्णय शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि एमआईसी द्वारा स्वीकृत सभी प्रस्तावों की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ संपादित कराया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द आम नागरिकों तक पहुंचे।बैठक में एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, अशोक यादव, मुक्तिनाथ बबुआ, पूनम सोलंकी, त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा, आनंद भगत सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

3 thoughts on “शहर विकास को मिली ₹32.50 करोड़ से अधिक की स्वीकृति, एमआईसी की बैठक में 19 एजेंडों पर लगी मुहर”
  1. Hi it’s me, I am also visiting this web site
    regularly, this website is genuinely good and the people
    are genuinely sharing nice thoughts.

Comments are closed.