रायगढ़।शहर में आधारभूत विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर निगम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 43 बरमुड़ा में विश्वकर्मा घर से श्याम पटेल के घर तक 11 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा किया गया।स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।महापौर जीवर्धन चौहान ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना है, ताकि किसी भी क्षेत्र को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने आगे कहा प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से रायगढ़ में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। सड़कों, नालों, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, जिससे शहर का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।नगर निगम द्वारा बरसात से पूर्व आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न वार्डों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य तेज किए गए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। आने वाले समय में भी इसी तरह विकास कार्यों की श्रृंखला जारी रहेगी और शहर को सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। इस अवसर पर वार्ड पार्षद विष्णु चरण पटेल, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, आनंद भगत, पार्षद नारायण पटेल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
