हर बेटी को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा देने का संकल्प, अभिभावकों से टीकाकरण कराने की अपील
रायगढ़, 20 मई 2026/ कलेक्टर के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ.अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन शहरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 गौशाला पारा स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं मितानिन कार्यकर्ताओं द्वारा संयुक्त रूप से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर एच.पी.वी. (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वैक्सीन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि रायगढ़ जिले में स्थापित कोल्ड चैन प्वाइंट शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर (जूटमिल), किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज रायगढ़ सहित जिले के सभी सी.एच.सी. एवं पी.एच.सी. में एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग (15 वर्ष पूर्ण न की हो) की किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में 19 मई को शहरी क्षेत्र में कुल 18 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। जिले में अब तक कुल 2700 बालिकाओं को यह टीका लगाया जा चुका है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानुप्रताप पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम के मार्गदर्शन में जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। रायगढ़ जिले में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, ए.एन.एम., एम.पी.डब्ल्यू., क्षेत्र समन्वयक शहरी, मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गांधीनगर सहित जिले के सभी सी.एच.सी. एवं पी.एच.सी. में यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराएं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है और बेटियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। अधिक जानकारी के लिए नागरिक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या ए.एन.एम.से संपर्क कर सकते हैं।
